चंदन जिंदल के परिवार से दुख जताते सीएम चरणजीत चन्नी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी मंगलवार को बरनाला पहुंचे और रूस व यूक्रेन युद्ध के कारण अपनी जान गंवाने वाले चंदन जिंदल के परिवार के साथ दुख साझा किया। इस अवसर पर सीएम चन्नी ने जिंदल परिवार को भरोसा दिलाया कि वह गृह मंत्रालय से मांग कर चुके हैं कि चंदन जिंदल की पार्थिव देह को जल्द से जल्द भारत लाया जाए।
मृतक चंदन जिंदल के परिजन गहरे सदमे में गुजर रहे हैं, जबकि मां किरण जिंदल का रो-रोकर बुरा हाल था। उनकी आंखों को अपने इकलौते चिराग को देखने का इंतजार था। किरण जिंदल ने अपने घर पहुंचे सीएम चन्नी से गुहार लगाई कि भारत सरकार के संपर्क साध कर उनके बेटे के आखिरी दर्शन ही करवा दें। वह अंतिम बार अपने लाल को देखना चाहती है। यह कहते हुए ही वह फूट फूट कर रोने लगी।
चंदन की मां किरन जिंदल और बहन रशिमा जिंदल ने सीएम से गुहार लगाई कि कोई तो उसके चंदन का मुंह दिखा दो। चंदन के पिता पूर्व फार्मेसी अफसर शीशन जिंदल ने भरे मन से कहा कि यदि उन्हें पता होता कि यूक्रेन में ऐसे हालात बनेंगे तो वह अपनी आंखों के तारे इकलौते चिराग को कभी विदेश पढ़ाई करने के लिए नहीं भेजते।
यूक्रेन में एमबीबीएस की शिक्षा हासिल करने गए चंदन जिंदल को 02 फरवरी को ब्रेन हैमरेज हो गया था। वहां उसकी देखभाल करने के लिए उसके पिता शीशन जिंदल व उसके ताया कृष्ण जिदल यूक्रेन में गए थे। यूक्रेन के जंगी हालातों के बीच चंदन जिंदल को बेहतर उपचार मुहैया नहीं हुआ, जिस कारण उसकी एक मार्च को मौत हो गई थी। चंदन जिंदल के पिता रविवार को यूक्रेन से लौट आए हैं लेकिन उनका परिवार अब भी अपने खो चुके बेटे चंदन जिंदल के शव को अंतिम बार देखने को तरस रहा है।
शव को भारत लाने के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र जारी
डिप्टी कमिश्नर कुमार सौरभ राज ने बताया कि विदेश मंत्रालय को पत्र जारी कर चंदन जिंदल की मृतक देह को जल्द से जल्द भारत लाने का आग्रह किया गया है। जल्द ही चंदन जिंदल के शव को भारत लाया जाएगा।
पूर्व कांग्रेसी विधायक केवल ढिल्लों भी पहुंचे चंदन जिंदल के घर
बरनाला के पूर्व कांग्रेसी विधायक केवल ढिल्लों मृतक चंदन जिंदल के घर उसके परिजनों से दुख साझा करने के लिए पहुंचे और घटना पर गहरा दुख जाहिर किया। केवल ढिल्लों ने सरकार से मांग की कि जल्दी से जल्दी मृतक चंदन जिंदल का शव भारत लाने के प्रयास किए जाएं।