शिअद के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा और एसजीपीसी प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ के बीच शुक्रवार दोपहर हरियाणा के मुख्यमंत्री निवास के बाहर तीखी नोकझोंक हुई।
आजादी के बाद पाकिस्तान से आकर हरियाणा में बसे पंजाबी किसानों की जमीन केपट्टे वापस लिए जाने की कार्रवाई के मुद्दे पर दोनों नेताओं को हरियाणा केमुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात करनी थी।
तकरार इस बात को लेकर हुई क्योंकि चंदूमाजरा ने मक्कड़ का इंतजार नहीं किया और अकेले ही किसानों के साथ हुड्डा से मुलाकात कर ली।
हरियाणा के पंजाबी किसानों के इस मसले पर बातचीत के लिए दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री हुड्डा से समय लिया था।
दोपहर एक बजे चंदूमाजरा किसानों के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंच गए लेकिन मक्कड़ समय पर नहीं आए।
इसे देखते हुए चंदूमाजरा ने एक की बजाय दो बजे मुलाकात निश्चित की ताकि मक्कड़ भी शामिल हो जाएं लेकिन दोपहर दो बजे तक भी मक्कड़ नहीं पहुंचे।
इसके बाद चंदूमाजरा किसानों को लेकर हुड्डा से मिलने पहुंच गए और बातचीत के बाद उन्हें मांगपत्र सौंपा।
इसी दौरान मक्कड़ भी हुड्डा की कोठी पहुंचे लेकिन वहां सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात चल रही है। इस पर मक्कड़ कार में बैठ गए और चंदूमाजरा का इंतजार करने लगे।
कुछ देर बाद चंदूमाजरा जब किसानों के साथ बाहर पहुंचे तो मक्कड़ ने नाराजगी जताई। इस पर दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
उधर, दोनों नेताओं ने स्वीकार किया कि वह हुड्डा से मिलने गए थे लेकिन वहां नोकझोंक की बात से इनकार किया है।