पंजाब के राजपुरा में पुलिस कर्मचारी को दो महिलाओं के साथ मिलकर एक व्यक्ति से ब्लैक मेल करना महंगा पड़ा। पुलिस ने शिकायत पर पुलिस कर्मचारी स्वर्ण सिंह सहित तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुधीर कुमार राजपुरा की एक फैक्ट्री में काम करता है। बीते दिनों तीन आरोपियों ने उसको झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 20 हजार रुपये देने को कहा। इस पर सुधीर कुमार ने आरोपियों को मजबूरी में 15 हजार रुपये दे दिए। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन अपने पास रखने के अलावा उसके अश्लील दृश्य नेट पर डालने की बात कही। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को मिल गई।
पुलिस ने सुधीर कुमार की शिकायत पर हैड कांस्टेबल स्वर्ण सिंह, रानी और दर्शना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इस संबंध में सिटी थाना के एसएचओ राजन परमिंद्र सिंह ने बताया कि ब्लैकमेल करने के आरोप में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।