संगरूर के गांव बुगरा में आग की चपेट में आए ट्रैक्टर से आग बुझाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
गांव बुगरा में खेतों में लगी आग से जहां किसानों के 68 बीघे में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, वहीं एक ट्रैक्टर ट्राली भी आग की भेंट चढ़ गई। लोगों ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही कड़ी मशक्कत करके आग पर काबू पा लिया।
किसान गिंदर सिंह अपने खेत में कंबाइन से गेहूं की कटाई कर रहे थे कि अचानक कंबाइन में कोई खराबी आ गई जिसे ठीक करने लगे। इसी दौरान खेत में खड़े ट्रैक्टर ट्राली में स्पार्किंग हो गई, जिससे फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि मौके पर लोगों ने किसी तरह कंबाइन को तो खेत से बाहर निकाल लिया किंतु फसल के साथ ट्रैक्टर ट्राली भी आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में पहुंच गए जिन्होंने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। लोगों में रोष था कि फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बावजूद गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचीं। उधर, सूचना पाते ही नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार, कानूनगो सुखदेव सिंह, पटवारी बिक्कर सिंह ने किसानों के हुए नुकसान का जायजा लिया।