अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में राज्य स्तर पर हर जिले में व्यापारी बोर्ड बनाए जाएंगे। ये बोर्ड व्यापारियों के मुद्दों को हल करने और उनकी सुरक्षा यकीनी बनाने का काम करेंगे। व्यापारी के साथ अपराधिक घटना हो जाए या फिर बाजार में सड़कें टूटी हैं, पीने के पानी, शौचालय व अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी है। इन हालात में व्यापारी बोर्ड के पास पहुंच कर इन समस्याओं का हल करा सकेंगे। इसके साथ ही सरकार की अगर कोई नीति व्यापारियों के काम में अड़ंगा डाल रही होगी तो व्यापारी बोर्ड के पास गुहार लगा सकेंगे। बोर्ड नीति को बदलवाने का काम करेगा। कोई अधिकारी, विधायक या नेता अगर व्यापारी को तंग-परेशान करेगा तो उसकी शिकायत भी बोर्ड से की जा सकेगी। केजरीवाल ने कहा कि यह सुनिश्चित करना बहुत जरूरी है कि व्यापारी बिना किसी बाधा के अपने व्यापार को स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से कर सकें। वह रविवार को पटियाला के नाभा में आयोजित एक समारोह में शिरकत करने पहुंचेे थे। इस मौके उन्होंने महाराजा अग्रसेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक महान शासक बताया। इससे पहले केजरीवाल व भगवंत मान ने महाराजा अग्रसेन स्मारक का शिलान्यास किया।
पंजाब होगा आर्थिक समृद्धि के शिखर पर
केजरीवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में पंजाब सरकार द्वारा बड़े निवेश के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य राज्य के उद्योग को प्रोत्साहन देना और ऐसा माहौल बनाना है जहां वे अपने व्यापार को बढ़ा सकें। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह पहल पंजाब को आर्थिक प्रगति और समृद्धि के नए शिखर पर ले जाएगी, जिससे विकास के एक नए और अभूतपूर्व युग की शुरुआत होगी।