अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल रविवार को पटियाला पहुंचेंगे। वे नाभा के महाराजा अग्रसेन पार्क में अग्रवाल सभा के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। साथ ही महाराजा अग्रसेन स्मारक का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे होगी।
एसएसपी वरुण शर्मा और हलके के विधायक गुरदेव सिंह देवमान ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। देवमान ने कहा कि आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पहली बार नाभा हलके में पहुंच रहे हैं। एसपी पटियाला वैभव चौधरी ने बताया कि केजरीवाल और मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से नाभा पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम के बाद केजरीवाल व मान पटियाला के श्री काली माता मंदिर में शीश भी नवाएंगे।