पटियाला-समाना रोड पर गांव भानरा नजदीक हुए हादसे में क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : अमर उजाला
पटियाला-समाना रोड पर गांव भानरा के नजदीक शनिवार शाम को पीआरटीसी बस और कार में टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में दाखिल कराया गया।
मामले के जांच अधिकारी डकाला पुलिस चौकी से एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि हरियाणा नंबर की एस्टीम कार समाना से पटियाला की तरफ जा रही थी, जिसमें पांच युवक सवार थे। पीआरटीसी की बस पटियाला साइड से आ रही थी।
जानकारी के मुताबिक दोनों वाहनों की गांव भानरा के पास आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकाला। जांच अधिकारी ने बताया कि अभी मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।