समाना के गांव धनेठा में 83 साल की बुजुर्ग महिला को 20 सितंबर को बेटे-बहू ने इस कदर बेरहमी से पीटा कि उनका कूल्हा टूट गया। शनिवार को बुजुर्ग ने समाना के सिविल अस्पताल में दम तोड़ दिया। सदर समाना थाना पुलिस ने आरोपी बेटे-बहू के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई श्मशेर सिंह ने बताया कि 83 साल की जसवंत कौर के साथ छोटी-छोटी बातों को लेकर उनका बेटा सुखदीप सिंह और बहू गुरप्रीत कौर मारपीट करते थे। यहां तक कि उन्हें खाना भी नहीं देते थे। 20 सितंबर को वह शौच करने गई थीं। वहां गंदगी से हाथ खराब होने पर भड़की बहू गुरप्रीत कौर ने पहले जसवंत कौर को थप्पड़ मारे। फिर लाठी से मारा-पीटा और धक्का दे दिया। इससे उन्हें काफी चोटें लगीं।
पड़ोसियों ने बुजुर्ग की बेटियों को सूचना दी, जिन्होंने आकर उन्हें समाना के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग की छाती, टांगों के पिछले हिस्से में ऊपर की तरफ मारपीट के कारण नीले निशान पड़ गए थे। उनका खून भी काफी कम हो गया था।
बुजुर्ग का कूल्हा भी टूट गया था जिसका सोमवार को ऑपरेशन होना था। इससे पहले शनिवार सुबह ही बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं पड़ोसियों के अनुसार, आरोपी पहले भी कई बार जसवंत कौर से मार-पीट करते थे।
बुजुर्ग महिला की बेटियों सुखबीर कौर और सुखजिंदर कौर ने पुलिस को बयान दिया कि उनकी मां पिछले करीब एक साल से उनके पास ही रह रही थी। महीना भर पहले ही गांव की पंचायत द्वारा उन्हें वापस गांव धनेठा लाया गया था।
पुलिस ने आरोपी बेटे और बहू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग ने अपनी नौ किल्ले जमीन लड़के के नाम करा रखी है, बावजूद इसके उसकी कोई देखरेख नहीं करता था।