डिपुओं पर मिट्टी का तेल देने की बजाय बाहर दुकानों पर महंगे दामों में बेचने के घोटाले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को 200 लीटर मिट्टी के तेल समेत धरा है।
आरोपियों के खिलाफ 7 जरूरी वस्तुएं एक्ट तहत केस दर्ज करके पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अर्बन एस्टेट थाना इंचार्ज धर्मदेव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डिपो होल्डर दविंदर कुमार निवासी टोभा चेत सिंह नाभा गेट पटियाला भारी मात्रा में डिपुओं पर गरीबों को सस्ते दामों में मुहैया कराने वाला मिट्टी का तेल तफज्जलपुरा में हलवाई की दुकान पर महंगे दामों में बेचने के लिए ला रहा है।
इस सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने तफज्जलपुरा एरिया में छापा मारा, तो मौके से दविंदर कुमार को टैंपो में ड्रमों में लाए गए 200 लीटर मिट्टी के तेल समेत धर लिया गया। जो वह साहिल सेठी नाम के हलवाई को सप्लाई करने आया था।
मौके से हलवाई समेत टैंपो चालक जगदीश सिंह निवासी गुरबख्श कालोनी पटियाला को भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।