पटियाला में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते मुलाजिम।
- फोटो : अमर उजाला
मांगों के लिए पंजाब लोक निर्माण विभाग की इमारत और सड़क शाखा के चौथा दर्जा मुलाजिमों ने मिनी सचिवालय में सरकार के खिलाफ रैली की। मौके पर दिहाड़ीदार, ठेका आधारित मुलाजिमों को रेगुलर करने समेत और कई मांगें उठाईं गईं। इनके पूरा न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
रैली को संबोधित करते हुए मुलाजिम नेताओं दर्शन सिंह लुबाना, जगमोहन सिंह नौलखा ने बताया कि सालों से विभाग में काम कर रहे दिहाड़ीदार, ठेका आधारित और आउटसोर्स कर्मचारियों को तुरंत रेगुलर किया जाए। पार्ट टाइम कर्मचारियों को भी पक्का किया जाए। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार बराबर काम बराबर तनख्वाह का नियम अपनाया जाए।
वर्दियों का बजट अलग से रखा जाए ताकि मुलाजिमों को समय पर गर्म और ठंडी वर्दियां मिल सकें। साथ ही क्लास फोर्थ मुलाजिमों को अंतरिम रिलीफ 20 फीसदी देने और खजाना दफ्तर में सितंबर 2016 से भुगतान के लिए बकाया पड़े महंगाई भत्ते के बिल, रिटायरमेंट के बिल, जीपी फंड, एडवांस के बिल व मृतक कर्मचारियों की अदायगियां जारी की जाएं। दर्जा चार कर्मचारियों की रेगुलर भर्ती की जाए। विभाग के बिजली विंग में काम करते आउट सोर्स कर्मचारियों को रेगुलर किया जाए।
मौके पर सर्वसम्मति से क्लास फोर्थ इंप्लाइज यूनियन के चुनाव कराए गए जिसमें सरपरस्त दर्शन सिंह लुबाना, चेयरमैन राजिंदर कौर, प्रधान बलबीर सिंह, सीनियर उप प्रधान बलविंजर कौर, उप प्रधान जरनैल सिंह, हरनेक सिंह, महासचिव करनैल चंद आलोवाल, डिप्टी जनरल सचिव अवतार सिंह, बलदेव सिंह, खजांची छतर पाल, प्रचार सचिव ओम प्रकाश भंडारी चुने गए।