वीरवार को गांव कमालपुर के पास गुजरती नहर में बीबीए की एक छात्रा का शव तैरता हुआ मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल में लाया गया और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।थाना दिड़बा के प्रभारी विजय कुमार के मुताबिक गांव बलियाल के रहने वाले हरपाल सिंह ने बताया कि उनकी बीस वर्षीय बेटी हरदीप कौर मस्तुआना कालेज में बीबीए की छात्रा थी। उन्होंने कहा कि तीन मई को हरदीप कालेज गई थी और इसके बाद वह घर नहीं आई।
हरदीप अकसर अपनी कालेज की सहेलियों के साथ दो-तीन तक रह जाती थी इसलिए उन्हें कोई फिक्र नहीं थी। उन्होंने पुलिस के पास इस मामले में किसी पर शक होने से इंकार किया है। उनके बेटी का शव नहर से मिलने की सूचना आज ही उन्हें मिली।
थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।