फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए मैदान में उतरे बेटे

विज्ञापन
विज्ञापन
पटियाला। पंजाब में विधानसभा चुनावों के लिए बिगुल बज चुका है और विभिन्न पार्टियों ने अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। जिले के आठ विधानसभा हलकों में चार हलके ऐसे हैं, जहां से पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उनके बेटे मैदान में हैं। इनमें पटियाला (देहाती), पटियाला (शहरी), सन्नौर और समाना हलके शामिल हैं। अकेले सन्नौर हलके से तो दो उम्मीदवार ऐसे हैं। इनमें कोई मौजूदा कैबिनेट मंत्री का बेटा है, तो कोई पूर्व मंत्री तो कोई पूर्व सांसद का लड़का है। सभी अपने पिता की ओर से उनके अब तक के राजनीतिक कॅरिअर में किए कार्यों के दम पर और अपनी-अपनी पार्टी की उपलब्धियों को गिनाकर वोटरों तक पहुंच कर रहे हैं।
विज्ञापन

पटियाला देहाती हलके की बात की जाए, तो यहां से पहली बार पंजाब के कैबिनेट मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा के बेटे यूथ कांग्रेस नेता मोहित मोहिंदरा विधानसभा चुनावों में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। मोहित मोहिंदरा हलके के लोगों से उनके पिता द्वारा कराए विकास कार्यों के दम पर वोट मांग रहे हैं। उनके पिता इसी हलके से विधायक हैं। जबकि पटियाला शहरी हलके से आम आदमी पार्टी के टिकट पर पूर्व अकाली मेयर अजीतपाल सिंह कोहली मैदान में हैं। उनके पिता सुरजीत सिंह कोहली पूर्व अकाली मंत्री हैं। उन्हीं की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए इस बार अजीतपाल सिंह कोहली पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। अकाली दल से टिकट न मिलने के चलते नाराज होकर कोहली परिवार ने आप का दामन थामा है।
समाना में पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन लाल सिंह के बेटे राजिंदर सिंह कांग्रेस की टिकट पर मैदान में हैं। राजिंदर सिंह इस हलके के मौजूदा विधायक हैं। वह दूसरी बार इस हलके से मैदान में हैं। वहीं सन्नौर हलके से अकाली दल की तरफ से हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा चुनाव लड़ रहे हैं, जिनके पिता प्रेम सिंह चंदूमाजरा पूर्व सांसद हैं और जिले के ही घन्नौर हलके से चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह से सन्नौर हलके से ही पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार रहे भरतइंद्र सिंह चाहल के बेटे बिक्रमजीत इंद्र सिंह चाहल पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी की तरफ से ताल ठोक रहे हैं। बिक्रमजीत इंद्र सिंह चाहल भी कैप्टन व अपने पिता की उपलब्धियों को गिनाकर लोगों से वोट मांग रहे हैं। इन सभी का राजनीतिक भविष्य क्या होगा, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। लेकिन फिलहाल सभी पूरे जोर-शोर से मैदान में डटे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें