घायल की मदद करते नवजोत सिंह सिद्धू।
- फोटो : PATIALA
पटियाला। पटियाला-सरहिंद रोड से अपने काफिले साथ गुजरते हुए पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को सड़क हादसे में घायल एक रेहड़ी चालक की मदद की। सिद्धू ने घायल को अपने सुरक्षा मुलाजिमों की गाड़ी में बिठाकर अस्पताल भिजवाया। इसके बाद बकायदा डाक्टर से खुद फोन पर बात करके घायल को सही व समय से उपचार देना यकीनी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही इलाज में खर्चे की परवाह न करने की भी बात की। सिद्धू ने कहा कि सारा खर्च वह खुद उठाएंगे।
हुआ यूं कि सोमवार को पटियाला-सरहिंद रोड पर एक कार व रेहड़ी के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में रेहड़ी चालक घायल हो गया। इसी बीच भाग्यवश वहां से नवजोत सिंह सिद्धू अपने काफिले साथ गुजर रहे थे। उन्होंने घायल रेहड़ी चालक को देखकर अपने काफिले को रोका। इसके बाद सिद्धू खुद घायल के पास गए और उसे अपने सुरक्षा कर्मियों की गाड़ी में बिठाकर अस्पताल पहुंचवाया।
इस मौके पर सिद्धू ने मौके पर ही अपनी जेब से घायल के इलाज के लिए पैसे भी दिए। गौरतलब है कि इससे पहले सिद्धू ने पटियाला-राजपुरा रोड पर सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद की थी।