जिला संगरूर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एक दिवसीय हड़ताल की घोषणा करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
‘आप’ विधायक नरेश यादव की गिरफ्तारी के मामले में अब नया विवाद जुड़ गया है।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने पंजाब की समूह जिला बार एसोसिएशन को सूचना देकर ‘आप’ विधायक नरेश यादव के हक में उतरने का आह्वान किया है।
मंगलवार को जिला संगरूर बार एसोसिएशन ने भी प्रस्ताव पारित करके वकील नरेश यादव के हक में उतरने की घोषणा कर दी तथा एक दिवसीय हड़ताल कर अदालत में ‘नो वर्क’ रखा। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट गुरतेज सिंह ग्रेवाल ने बताया कि मालेरकोटला में पवित्र कुरान की बेअदबी जैसे संवेदनशील मामले में गिरफ्तार किए गए आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश यादव एक उच्च कोटि के वकील भी हैं इसलिए भी वकील भाईचारा उनके समर्थन में है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में बने वर्तमान हालात से लोगों का ध्यान हटाने के लिए प्रदेश की अकाली दल-भाजपा सरकार ने ‘आप’ विधायक नरेश यादव को फंसाया है।
उधर, इस मौके पर मौजूद बार एसोसिएशन के जिला अधिकारी और प्रदेश भाजपा के कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट ललित गर्ग ने कहा कि इस पूरे मामले को राजनीतिक द्वेष से नहीं देखना चाहिए, चूंकि गिरफ्तार विधायक दिल्ली बार एसोसिएशन के सदस्य हैं इसलिए वह उनके समर्थन में जुटे हैं ।
मालेरकोटला में नहीं हुआ ‘नो वर्क’
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के आह्वान का मालेरकोटला में असर दिखाई नहीं दिया, यहां दिन भर कामकाज जारी रहा। मालेरकोटला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट कर्मजीत सिंह सोही ने बताया कि उन्हें भी एक दिवसीय हड़ताल के आह्वान का संदेश प्राप्त हुआ था, लेकिन इस मुद्दे पर एसोसिएशन की बैठक बुलाई गई। इसमें चर्चा हुई कि यह काफी संवेदनशील मामला है और विशेष रूप से मालेरकोटला से जुड़ा हुआ है इसलिए यहां ‘नो वर्क’ नहीं होगा ।