विधान सभा हलका दिड़बा (रिजर्व) में अकाली दल द्वारा उतारे गए प्रत्याशी कबड्डी खिलाड़ी गुलजार सिंह गुलजारी का विरोध शुरू हो गया है। अकाली दल एससी विंग के नेताओं ने एकजुट होकर कहा है कि उनको पैराशूट प्रत्याशी मंजूर नहीं। ऐसे में चुनाव के दौरान अकाली दल के उम्मीदवार गुलजारी को विरोधियों के साथ अपनी पार्टी के नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ सकता है।
गांव महलां में शिअद के एससी विंग के सीनियर उपाध्यक्ष रण सिंह महलां की अगुवाई में हुई बैठक में स्पष्ट कर दिया गया है कि पार्टी हाईकमान इस सीट पर दोबारा विचार करें वरना हलके के लोग पैराशूट प्रत्याशी का बहिष्कार करेंगे।
रण सिंह महलां ने कहा कि 2012 के विधान सभा चुनाव में भी पार्टी ने बाहरी उम्मीदवार को यहां से उतारा था पर उस समय पार्टी का आदेश मानते हुए उम्मीदवार को शानदार जीत दिलाई थी। लेकिन चुनाव जीतने के बाद वह हलके को ज्यादा समय नहीं दे सके और न लोगों के दुख सुख में शरीक हुए। उनकी गैर मौजूदगी की वजह से हलके में कोई विकास कार्य नहीं सका। इस बार फिर पार्टी ने बाहरी उम्मीदवार को उतार दिया लेकिन अबकी बार लोग पहले वाली गलती नहीं दोहराएंगे।
उन्होंने कहा कि अभी भी पार्टी हाईकमान स्थानीय नेताओं की राय जानकर किसी लोकल नेता को चुनाव मैदान में उतारे वरना अकाली दल को यह सीट अपने हाथ से गंवानी पड़ेगी। इस मौके पर प्रीतम सिंह दिड़बा, मोती सिंह, ज्ञान सिंह, सुखविंदर सिंह, शेर सिंह सोही, भूपिंदर सिंह, जगरूप सिंह, जीत सिंह, जतिंदर सिंह, रविंदर सिंह मौजूद थे।