सुनाम में जाखल रोड पर धरना देते राइस मिलर्स एसोसिएशन के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
निजी कंपनी के मुलाजिमों द्वारा गोदामों में चावल भंडारण करने में आनाकानी से परेशान राइस मिलर्स भड़क उठे। गुस्साए शेलर मालिकों ने यहां के जाखल रोड पर धरना देकर निजी कंपनी के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रदर्शन किया।
आंदोलन में शेलर एसोसिएशन की शहरी व देहाती जत्थेबंदियों के सदस्यों ने भाग लिया। राइस मिलर्स ने चेतावनी दी कि यदि निजी कंपनी के मुलाजिमों ने अपना विरोधी रवैया नहीं बदला तो आने वाले दिनों में जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
धरने को संबोधित करते राइस मिलर्स यूनियन के अध्यक्ष रजनीश कांसल, सरपरस्त तरसेम कूलार, देहाती यूनियन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार ने कहा कि मिलर्स द्वारा धान का चावल तैयार करके एफसीआई के गोदाम में ट्रकों पर लादकर भेजा जा रहा है।
चावल का भंडारण करवाने के लिए निजी कंपनी ने ठेका लिया हुआ है लेकिन इस कंपनी के मुलाजिम चावल भंडारण करवाने में जानबूझ कर आनाकानी कर रहे हैं। इससे शेलर मालिकों का भारी नुकसान हो रहा है। साथ ही काम प्रभावित हो रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि इस रवैये से इलाके में डेढ़ सौ से ज्यादा शेलर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने अपना रवैया नहीं सुधारा तो आने वाले दिनों में आंदोलन को तीखा किया जाएगा। इस मौके पर राजेश गांधी, मोहन लाल, राजेश बिट्टू, परमजीत सिंह, आशीष जैन हाजिर थे।
--