14 जिलों में सामान्य से कम बारिश रही
अमृतसर, पटियाला व बठिंडा का पारा सामान्य से नीचे दर्ज किया, फतेहगढ़ साहिब में 49.5 एमएम की बारिश दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब में सितंबर के महीने में अब तक सामान्य के मुकाबले 29 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। 45.9 एमएम की सामान्य बारिश की तुलना में 32.4 एमएम की बारिश दर्ज की गई है। सूबे के 14 जिलों अमृतसर में 72 फीसदी कम, बरनाला में 69 फीसदी, बठिंडा में 65, फाजिल्का में 36 फीसदी, गुरदासपुर में 44 फीसदी, होशियारपुर में 84, जालंधर में 45, कपूरथला में 89, लुधियाना में 8, मानसा में 71, मोगा में 52, पठानकोट में 20, संगरूर में 52, एसबीएस नगर में 24 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन भी पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की ही चेतावनी जारी की है।
शनिवार को पंजाब में कुछेक जगहों पर ही बारिश दर्ज की गई। इसके तहत फतेहगढ़ साहिब में 49.5 एमएम, पठानकोट में 4.5 एमएम, एसबीएस नगर में 7.5 एमएम, मोहाली में 1.0 एमएम की बारिश दर्ज की गई। पंजाब के तापमान में 0.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। सबसे अधिक 36.2 डिग्री का तापमान समराला का दर्ज किया गया।
वहीं अमृतसर, पटियाला व बठिंडा का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। अमृतसर का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री (सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे), लुधियाना का 33.4, पटियाला का 33.3 डिग्री (सामान्य से 0.1 डिग्री नीचे), पठानकोट का 32.9 डिग्री, बठिंडा का 35.2 डिग्री (सामान्य से 0.1 डिग्री नीचे), बरनाला का 32.5, फिरोजपुर का 33.8 डिग्री, जालंधर का 31.9 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब के न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री की कमी दर्ज की गई। हालांकि यह सामान्य के नजदीक बना रहा। सबसे कम 22.2 डिग्री का तापमान फतेहगढ़ साहिब का दर्ज किया गया। जबकि अमृतसर का 24.2, लुधियाना का 22.8, पटियाला का 22.9, पठानकोट का 22.5, बठिंडा का 25.9, बरनाला का 23.0 और जालंधर का 23.5 डिग्री दर्ज किया गया।