फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पटियाला जेल में हवालाती और जेलकर्मी भिड़े, असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट समेत नौ जेलकर्मी घायल

Mon, 06 Jan 2014 09:52 PM IST
अमर उजाला, पटियाला
विज्ञापन
विज्ञापन
सेंट्रल जेल में सोमवार सुबह कुछ हवालातियों और जेल कर्मचारियों के बीच हुई मारपीट की घटना में जेल के असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट समेत नौ कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
विज्ञापन


इस मामले में त्रिपड़ी थाना पुलिस ने छह आरोपी हवालातियों और एक कैदी के खिलाफ हत्या की कोशिश, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जिला मजिस्ट्रेट जीके सिंह ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जारी किए हैं।

एडिशनल सुपरिंटेेंडेंट (जेल) राजन कपूर ने बताया कि सुबह करीब पौने आठ बजे असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट इंद्रजीत सिंह काहलों ड्यूटी पर थे। उन्होंने रूटीन में जब 20 चक्कियां में बंद हवालाती गुरप्रीत सिंह पुत्र प्रकाश चंद की तलाशी ली तो उसके पास से एक बैटरी, मोबाइल और चार्जर मिला।
विज्ञापन


असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट ने गुरप्रीत सिंह समेत 20 चक्कियां में बंद हवालाती चरनवीर सिंह, प्रितपाल सिंह और गुरप्रीत सिंह उर्फ बुगला से कहा कि उन सभी के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कर्मचारियों को आदेश दिए कि सभी को जेल के सेंट्रल कंट्रोल रूम में लाया जाए।

जैसे ही चारों हवालाती सेंट्रल कंट्रोल रूम में लाए गए, गुरप्रीत सिंह ने कंट्रोल रूम के पास बने जिम में से लोहे की रॉड उठाई और असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट पर हमला कर दिया।

बचाव में आगे आए हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह पर भी हवालातियों ने हमला कर दिया। किसी ने सेंटर बैरक में बंद तरनतारन के रतोके गांव के रहने वाले कैदी हरविंदर सिंह को सूचित कर दिया कि उसके साथियों की जेल मुलाजिमों से लड़ाई हो गई है। कैदी हरविंदर सिंह ने भी बैरक के बाहर खड़े चार जेल मुलाजिमों पर हमला बोल दिया और उनकी वर्दियां फाड़ दीं व पगड़ियां उतार दीं। हरविंदर ने एक कर्मचारी के बाल बुरी तरह नोंच लिए।

इस दौरान हवालातियों के दो और साथी कंवरदीप सिंह और गुरप्रीत सिंह पुत्र इंद्रजीत सिंह भी आ गए। उन्होंने आसपास पेड़ों की टहनियां तोड़ीं और जेल मुलाजिमों को पीटा। काफी मशक्कत के बाद जेल प्रशासन ने हवालातियों और कैदी हरविंदर सिंह पर काबू पाया। तब तक इंद्रजीत सिंह काहलों (30) समेत नौ जेल मुलाजिम घायल हो गए थे। काहलों के कंधे, बाजू और हाथ के पास लोहे की रॉड से काफी चोटें आईं।

वहीं कांस्टेबल सवरनजीत सिंह (47), हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह (53), कांस्टेबल बलविंदर सिंह (44), कांस्टेबल दविंदर शर्मा (45), कांस्टेबल सुरजीत सिंह (51), कांस्टेबल त्रिलोचन सिंह (50), हेड कांस्टेबल गुरमेज सिंह (52) और हेड कांस्टेबल तरसेम लाल (55) भी घायल हुए।

जेल प्रशासन की शिकायत पर त्रिपड़ी थाना पुलिस ने जेल मुलाजिमों पर हमला करने वाले छह हवालातियों गुरप्रीत सिंह, चरनवीर सिंह, प्रितपाल सिंह, कंवरदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ बुगला, गुरप्रीत सिंह सिंह और कैदी हरविंदर सिंह के खिलाफ हत्या की कोशिश, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और लड़ाई-झगड़े के आरोप में केस दर्ज कर लिया था।

पंद्रह दिन में रिपोर्ट देने के आदेश
जिला मजिस्ट्रेट जीके सिंह ने सेंट्रल जेल में झगड़े की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट ने उपमंडल मजिस्ट्रेट गुरपाल सिंह चहल की ओर से भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर आदेश देते हुए जांच रिपोर्ट 15 दिन में देने के आदेश दिए हैं।

हवालातियों की शिफ्टिंग को एडीजीपी को लिखेगा जेल प्रशासन
पटियाला। सेंट्रल जेल में हुए लड़ाई-झगड़े में शामिल कत्ल केस में सजा काट रहे कैदी हरविंदर सिंह ने खुलेआम जेल अधिकारियों व उनके परिवारों को जान से मारने की धमकी दी है। जेल प्रशासन ने एडीजीपी (जेल) को पत्र लिखकर इस सारे मामले से अवगत कराने के साथ-साथ उक्त कैदी समेत उसके कुछ साथियों को जेल से शिफ्ट करने की मांग करने का फैसला लिया है। एडिशनल सुपरिंटेंडेंट जेल राजन कपूर ने इसकी पुष्टि की।

एडिशनल सुपरिंटेंडेंट राजन कपूर ने बताया कि कैदी हरविंदर सिंह (23) पुलिस स्टेशन सरहाली में दर्ज एक कत्ल केस में सजा काट रहा है। करीब ढाई महीने पहले जब वह संगरूर जेल में था, तो उसने जेल सुपरिंटेेंडेंट से हाथापाई की थी। हरविंदर पर केस भी दर्ज हुआ था। सोमवार को जब उसके साथी हवालातियों की जेल अधिकारी व मुलाजिमों से लड़ाई हुई, तो उसने खुलेआम धमकी दी कि वह तरनतारन के गांव रतोके से है, जहां से बड़े-बड़े आतंकवादी हुए हैं। इस मामले को खत्म न समझो वह जेल अधिकारियों व उनके परिवारों को जान से मार देगा।
राजन कपूर ने बताया कि मंगलवार को एडीजीपी (जेल ) को पत्र लिखकर इस सारे मामले से लिखित में अवगत कराया जाएगा। साथ ही कैदी हरविंदर सिंह समेत उसके कुछ साथियों को भी जेल से शिफ्ट करने की मांग की जाएगी। जिससे जेल में माहौल ठीक बना रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें