पटियाला के समाना में विकास कार्यों का नींव पत्थर रखते हुए कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने कहा कि कांग्रेस से परनीत कौर 15 साल सांसद रहीं, लेकिन समाना हलके के लिए कुछ नहीं किया। उनके पति कैप्टन अमरिंदर भी मुख्यमंत्री रहे, लेकिन लोगों का दुख-दर्द नहीं समझा। अब आम आदमी पार्टी से सांसद डा. धर्मवीर गांधी को लोगों ने वोट डालकर जितवाया, लेकिन वह भी चुनाव जीतने के बाद समाना में नहीं आए। केवल बादल सरकार ही लोगों की सुध ले रही है और विकास कार्य करवा रही है। रखड़ा शनिवार को समाना हलके में विभिन्न वार्डों में लाखों रुपये के विकास कार्यों के नींव पत्थर रखने के मौके पर बोल रहे थे।
रखड़ा ने शनिवार सुबह वार्ड नंबर 20 के टिबी मोहल्ला में 57 लाख रुपये की लागत के साथ सीसी फ्लोरिंग, इंटर लाकिंग टाइल लगाने के विकास कार्यों का नींव पत्थर रखा। इसके बाद वार्ड नंबर 10 में 51 लाख रुपये के साथ पड़ने वाले सीवरेज के काम का नींव पत्थर रखा। समाना शहर के लोगों की मांग को पूरा करते हुए श्मशानघाट में नए शेडों का नींव पत्थर रखा। इसी कड़ी में वार्ड नंबर तीन के राजौरी गार्डन इलाके में पानी व सीवरेज के 55 लाख रुपये के विकास कार्य शुरू कराए। इसके अलावा उन्होंने तहसील के नजदीक एक जिम का उद्घाटन भी किया।