पकड़े गए आरोपियों के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
पटियाला में पातड़ां के कार बाजार से तीन मार्च को ट्राई लेने के बहाने पिस्टल की नोक पर फार्च्यूनर गाड़ी लूटने के मामले को हल कर पुलिस ने एक शातिर गिरोह पकड़ा है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत चार शातिरों को गिरफ्तार करके उनसे लूटी कार और 32 बोर की दो पिस्टल व 12 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह विदेश में बैठे एक भगौड़े आतंकी सुरिंदर सिंह बाबा ठीकरीवाल के संपर्क में थे। इसी आतंकी ने गिरोह को वारदात करने के लिए असलाह मुहैया कराया था और अब गिरोह बरनाला में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। लेकिन इससे पहले ही इनकी धरपकड़ हो गई।
गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का सरगना गुरिंदर सिंह निवासी कट्टू रोड उपली जिला बरनाला, गुरलाल सिंह उर्फ गुल्ली निवासी संधू पती उपली जिला बरनाला, गगनदीप सिंह उर्फ गगन निवासी कट्टू जिला बरनाला और तरनजीत सिंह तरनी निवासी कट्टू रोड उपली जिला बरनाला शामिल हैं। इन्हें एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छीटांवाला से भलवान रोड पर डे्रन पुल के नजदीक से लूटी फार्च्यूनर गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया है। गाड़ी पर आरोपियों ने एक जाली नंबर प्लेट लगा रखी थी। तलाशी के दौरान आरोपियों से 32 बोर के दो पिस्टल और 12 कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि पातड़ां के कार बाजार से फाच्यूनर गाड़ी की लूट होने की वारदात के तुरंत बाद पंजाब के सभी जिलों के कंट्रोल रूम पर सूचित कर दिया गया था कि इस गाड़ी के जरिये बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है। इसके साथ ही टीमें बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई थी।
गिरोह के खिलाफ कत्ल, लूटपाट, चोरी के कई केस दर्ज
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए गिरोह के खिलाफ कत्ल, लूटपाट, चोरी व अन्य कईं संगीन अपराधों के तहत केस दर्ज हैं। इनमें गिरोह के सरगना गुरिंदर सिंह के खिलाफ चार और गुरलाल सिंह उर्फ गुल्ली के खिलाफ 15 व तरनजीत सिंह उर्फ तरनी के खिलाफ एक केस दर्ज हैं जिनमें यह गिरफ्तार होकर विभिन्न जेलों में रह चुके हैं। आरोपी गुरलाल सिंह उर्फ गुल्ली सजायाफ्ता है। गिरोह की ओर से अब बरनाला में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी थी. लेकिन इससे पहले ही गिरोह को काबू कर लिया गया।
एसएसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना गुरिंदर सिंह 2014 से विदेश में बैठे भगौड़ा आतंकी सुरिंदर सिंह बाबा ठीकरीवाल निवासी गांव ठीकरीवाल जिला बरनाला के साथ संपर्क में था। पुलिस ने गिरोह सदस्यों से जो असलाह बरामद किया है, इसे आतंकी ने मुहैया कराया था। पुलिस के मुताबिक आतंकी सुरिंदर सिंह के खिलाफ भी 12 केस दर्ज हैं। पुलिस ने इस केस में आतंकी सुरिंदर सिंह को भी नामजद कर लिया है। एसएसपी ने कहा कि गिरोह मेंबरों के जेलों में रहने के कारण इनके कईं खतरनाक अपराधियों के साथ संबंध हैं। आरोपियों का पुलिस रिमांड लेकर इनसे और गहनता के साथ पूछताछ की जाएगी।