पटियाला। शहर के ऐतिहासिक किला मुबारक में पंजाब सरकार की ओर से मंगलवार शाम पटियाला हैरिटेज फेस्टिवल का आयोजन किया गया। इस मौके पर फैशन शो, यमला जट के पोते विजय यमला के फोक आर्केस्ट्रा और उजागर अंटाल की लोक गायिकी की विलक्षण पेशकारी ने पटियालवियों का मन मोह लिया। इस समागम की शुरुआत पंजाब के पर्यटन और सभ्याचारक मामलों के मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने दीप जलाकर की। उन्होंने कहा कि पटियाला प्रदेश के सभ्याचार की राजधानी है, इसलिए सरकार की ओर से पटियाला शहर को टूरिज्म हब के तौर पर विकसित किया जाएगा। इस मौके मंत्री समेत मौके पर पहुंचे जिले के सभी आप विधायकों ने पंजाब को नशा मुक्त व रंगला बनाने का संकल्प दोहराया।
इसके बाद कार्यक्रम का आगाज विजय यमला ने अपने साथियों के साथ फोक आर्केस्ट्रा की विलक्षण पेशकारी की। स्पेशल बच्चों ने माइम और भांगड़ा की पेशकारी की। वहीं पंजाब स्किल डवेलपमेंट मिशन के स्टूडेंट्स ने पंजाबी विरासती पहनावे के फैशन शो में हिस्सा लेकर नशामुक्त पंजाब बनाने का संदेश दिया। मालवा सभ्याचारक क्लब के कलाकारों ने दिलकश अंदाज में लोक नाच जिंदुआ पेश किया। इस मौके पर लोक गायक उजागर सिंह अंटाल की सूफी गायिकी से श्रोता झूमने लगे। सरकारी कालेज की छात्राओं के गिद्दे ने भी समां बांध दिया। पटियाला की विरासत बारे प्रोफेसर गुरबख्शीश सिंह अंटाल की निर्देशित डाक्यूमेंटरी फिल्म दिखाई गई। विश्व विरासत दिवस को समर्पित कराए फोटोग्राफी मुकाबले के विजेताओं मोहम्मद परवेज, गुरजोत सिंह, हरदीप सिंह आहूजा को सम्मानित किया गया। इससे पहले स्कूली विद्यार्थियों को लेकर हैरीरेज वाक निकाली गई। जिसे डीसी साक्षी साहनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।