पटियाला पुलिस ने विभिन्न जगहों से चार अंतरराज्यीय तस्करों को 16 किलो अफीम और सवा दो क्विंटल भुक्की समेत गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में एसएसपी हरदियाल सिंह मान ने यह जानकारी दी।
एसएसपी ने बताया कि एएसआई लखविंदर सिंह समेत पुलिस पार्टी चेकिंग कर रही थी। इस दौरान गांव अकौत की ओर से पैदल आ रहे हरबंस सिंह को शक के आधार पर रोका।
उससे छह किलो अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में केस दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब 11 साल फौज में नौकरी की।
नौकरी छोड़ने के बाद इंदौर, मध्यप्रदेश में कंबाइनों के स्पेयर पार्ट्स की दुकान की। वह पंजाब से कंबाइनें लाकर एमपी में बेचने लगा। एसएसपी ने बताया कि कंबाइनों पर काम करने वाले अफीम खाते थे।
हरबंस ने एमपी से 50 हजार रुपये किलो के हिसाब से अफीम खरीद कर 70 हजार के हिसाब से बेचनी शुरू कर दी। हरबंस यह अफीम एमपी से लाया था।
एक अन्य मामले में थाना घग्गा पुलिस पार्टी टी प्वाइंट दफ्तरीवाला पातड़ां से पटियाला रोड पर मौजूद थी। पातड़ां की तरफ से पैदल आ रहे सुखविंदर सिंह निवासी बालासर, सिरसा को शक के आधार पर रोका।
उसके पास बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को 10 किलो अफीम बरामद हुई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि यह अफीम वह राजस्थान से 45 हजार रुपये किलो के हिसाब से लाया था और आगे 65 हजार के हिसाब से पटियाला, समाना और चीका में सप्लाई करनी थी। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एक अन्य केस में शंभू पुलिस ने बलबीर सिंह गांव पंनवां, दसूहा और अमरीक सिंह निवासी हरोली, ऊना को ट्रक में रखी दो क्विंटल 25 किलो भुक्की चूरा पोस्त समेत गिरफ्तार किया है। आरोपियों को टी प्वाइंट तेपला रोड रामनगर सैनियां से गिरफ्तार किया है।