कालेज में दाखिले को लेकर छह दिन से संघर्ष कर रहे छात्रों के आंदोलन में उनके अभिभावक भी कूद पडे़ हैं और आंदोलन की आवाज गांवों तक पहुंच गई है। गांव जखेपल में शनिवार को हुई रोष रैली में छात्रों के अलावा उनके अभिभावकों ने भी हिस्सा लिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
उन्होंने घोषणा की 23 जुलाई तक दाखिले नहीं मिले तो 24 जुलाई को छात्र अपने अभिभावकों समेत सुनाम कालेज के समक्ष जोरदार आंदोलन शुरू करेंगे।
पंजाब स्टूडेंटस यूनियन (रंधावा ग्रुप) के नेतृत्व में गांव में हुई रोष रैली को संबोधित करते कुलदीप कौर, गुरप्यार सिंह ने कहा कि सुनाम के शहीद ऊधम सिंह सरकारी कालेज में बीए वन में दाखिले की मांग को लेकर छात्र पांच दिन से आंदोलन कर रहे हैं और छठे दिन उन्होंने जखेपल में रोष रैली की है।
दाखिले लेने के इच्छुकों में ग्रामीण इलाके के छात्र भी हैं। एक साल के गैप वाले छात्रों को भी दाखिला नहीं दिया जा रहा है जबकि पंजाबी यूनिवर्सिटी द्वारा ऐसा कोई आदेश नहीं दिया गया है।
इस दौरान पीटीए फंड में की बढ़ोतरी की निंदा करते उसे वापस लेने की मांग की गई। भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां के अजैब सिंह ने भी रैली को संबोधित किया।