सुनाम के गांव गंडुआं में नारेबाजी करते भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
गांव गंडुआं के एफसीएस आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चार दिन से मरणव्रत पर बैठे दोनों शिक्षकों राशि गोयल और तनवीर खान की हालत बिगड़ने लगी है। आंदोलनकारियों का दावा है कि दोनों शिक्षकों का भार करीब पांच किलो कम हो गया है। वहीं दूसरी ओर सोमवार को स्कूल के तीन अन्य टीचर कमलजीत कौर, संदीप कुमार और अमनदीप शर्मा क्रमवार 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठे।
टीचरों ने कक्षाओं का बहिष्कार करके स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने मांग की कि सीबीएसई की तर्ज पर उन्हें वेतन दिया जाए और रेगुलर करें। इसके अलावा अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएं। शिक्षकों ने कहा कि है कि तीन माह पहले स्कूल को संचालित करने वाली प्रबंधक कमेटी तथा कंपनी ने लिखित रूप से मांगें पूरा करने का भरोसा दिलाया था।
चंडीगढ़ में कंपनी के मुख्यालय में कई बार बैठकें हो चुकी हैं। 25 अगस्त को भी इसी सिलसिले में बैठक हुई, लेकिन मांगों को लागू नहीं किया गया है। पांच साल से इन स्कूलों में शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं और इसके एवज में उन्हें प्रोत्साहित करने के बजाय प्रताड़ित किया जा रहा है। इस मौके पर अमनदीप शर्मा, अमन रानी, सतनाम सिंह, हरविंदर सिंह, ओम प्रकाश, राहत मोदगिल, रेणू बाला हाजिर थे।