रैश ड्राइविंग करने वाले चालक की पहचान, केस दर्ज
हादसे में घायल युवक की शिकायत पर केस दर्ज, पत्नी व बहन को भी आई हैं चोटें
पटियाला। पटियाला में मंगलवार को हरियाणा नंबर की जिस कार ने सड़कों पर गलत ढंग से दौड़ते हुए रास्ते में आने वाले कईं ई रिक्शा, दो पहिया वाहन सवारों, रेहड़ियों और दुकानों के बाहर रखे साइन बोर्डों को टक्कर मारी थी, पुलिस ने इसके चालक की पहचान कर उसे काबू कर लिया है। आरोपी की पहचान जगसीर सिंह निवासी हरीपुर बस्ती जिला संगरूर के तौर पर हुई है। थाना लाहौरी गेट में आरोपी के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई हादसे में घायल हुए विक्रांत निवासी सन्नौर की शिकायत पर की है। विक्रांत के मुताबिक वह मंगलवार दोपहर को अपनी पत्नी नेहा रानी व बहन ज्योति के साथ एक्टिवा पर सवार होकर पुराना बस स्टैंड के पास से जा रहा था। इसी बीच आरोपी जगसीर सिंह ने तेज रफ्तार के साथ कार चलाते हुए उनके एक्टिवा में टक्कर मारी। हादसे में उसे, उसकी पत्नी व बहन को काफी चोटें आई हैं।
मंगलवार दोपहर को राजपुरा कालोनी के नजदीक पुराना बस स्टैंड के पास से एक हरियाणा नंबर की कार गुजरी। तेज रफ्तार इस कार में तीन से चार नौजवान सवार थे, जिन्होंने पहले रेलवे स्टेशन के नजदीक ओवर ब्रिज के नीचे खड़े एक रेहड़ी वाले और फिर एक एक्टिवा चालक को टक्कर मारी। यह देखकर लोगों ने इस कार का पीछा करना शुरू कर दिया। करीब छह किलोमीटर तक इस कार को नौजवानों ने दौड़ाया। इस दौरान कार ने रास्ते में आने वाले कईं ई रिक्शा, रेहडि़यों, दो पहिया वाहन सवारों को टक्कर मारी। इसी बीच लोगों ने इस कार को रोका और दो नौजवानों को बाहर निकाला। भड़के लोगों ने नौजवानों की पिटाई कर दी और कार की भी तोड़-फोड़ की।