छह हजार करोड़ रुपये के ड्रग रैकेट मामले में पटियाला की सेंट्रल जेल में बंद शिरोमणि अकाली दल के महासचिव एवं पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने शनिवार को किसी से मुलाकात नहीं की।
बताया जा रहा है कि मजीठिया ने जेल प्रशासन को खुद कहा कि वह फिलहाल किसी से मिलना नहीं चाहते। अगर बाद में इच्छा होगी, तो बता देंगे। मजीठिया ने शनिवार सुबह जेल में पगड़ी नहीं बांधी और कुर्ते-पायजामे के साथ परना बांधकर लंगर खाया। इससे पहले उन्होंने पाठ भी किया। उधर, जेल अधिकारियों के मुताबिक मजीठिया को सुरक्षा के लिहाज से अलग बैरक में रखा गया है, जहां कोई अन्य कैदी नहीं है। उन्हें सुबह पढ़ने के लिए अखबार मुहैया कराए गए हैं।
जेल अधिकारियों ने माना कि मजीठिया के बैरक में टीवी नहीं है, लेकिन अगर इस संबंधी मांग करते हैं, तो फिर विचार करेंगे। गौरतलब है कि पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू पिछले कई वर्षों से नशा तस्करी को लेकर बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ हमला बोलते रहे हैं। पंजाब विधानसभा में भी दोनों नेताओं के बीच मामले को लेकर काफी तू-तू-मैं-मैं हो चुकी है। वीरवार को मजीठिया ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद उनको आठ मार्च तक पटियाला जेल भेज दिया गया है।