पटियाला के सरकारी महिंदरा कालेज में विजयी रैली निकालते स्टूडेंट्स।
- फोटो : अमर उजाला
सरकारी महिंदरा कालेज में आंदोलनकारी स्टूडेंट्स की ओर से शनिवार को विजयी रैली निकाली गई। दरअसल पिछले कई दिनों से स्टूडेंट्स ने कालेज प्रशासन की ओर से उनसे नाजायज ढंग से भरवाए जा रहे फंडों के विरोध में आंदोलन छेड़ रखा था। शनिवार को प्रिंसिपल ने स्टूडेंट्स के एक शिष्टमंडल को बुलाकर उनसे बैठक की। इस दौरान स्टूडेंट्स की सभी मांगों को मानने का भरोसा दिलाया गया। यह आंदोलन पंजाब स्टूडेंट यूनियन और नवक्रांति जत्थेबंदियों की ओर से चलाया जा रहा था।
स्टूडेंट लीडर हरदीप ढडरिया ने बताया कि पिछले करीब एक महीने से कालेज में स्टूडेंट्स की ओर से धरने-प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
इस दौरान कालेज प्रशासन की ओर से स्टूडेंट्स से नाजायज ढंग से भरवाए जा रहे फंडों का विरोध किया गया। शुक्रवार को गुस्साए स्टूडेंट्स ने प्रिंसिपल दफ्तर का घेराव किया था। जिस पर प्रिंसिपल ने शनिवार को बैठक करने का भरोसा दिलाया था। आज बैठक में स्टूडेंट्स की सभी मांगें मान ली गई और कालेज अथारिटी ने लिखित रूप में नाजायज ढंग से भरवाई जा रही फीसें व फंड बंद करने का ऐलान किया। बैठक में स्टूडेंट लीडर गगन अमरगढ़, मनिंदर सिंह भी शामिल रहे। कालेज अथारिटी की ओर से मांगें मान लिए जाने के बाद स्टूडेंट्स ने विजयी रैली निकाली और कई साल से हो रही नाजायज लूट बंद होने को लेकर स्टूडेंट्स इस मौके पर काफी खुश नजर आ रहे थे।