पटियाला। सरकारी राजिंदरा अस्पताल में सोमवार दोपहर एक कोविड मरीज की मौत के बाद उसके परिजनों और रिश्तेदारों ने जोरदार हंगामा कर दिया। इस मौके पर परिजनों ने मरीज के इलाज में डाक्टरों द्वारा लापरवाही बरतने और वार्ड में मरीजों को घटिया क्वालिटी का खाना देने के आरोप लगाए। इस दौरान भड़के परिजनों ने मरीजों के लिए खाना लेकर आई गाड़ी के टायरों की हवा निकाल दी। आरोप है कि गाड़ी के ड्राइवर के साथ भी मारपीट की गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। राजिंदरा के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. एचएस रेखी ने कहा कि इस मामले की शिकायत पुलिस को कर दी गई है। उन्होंने मरीज के परिजनों द्वारा लगाए सारे आरोपों का खंडन किया।
जानकारी के मुताबिक राजिंदरा के कोविड वार्ड में सोमवार को मंडी गोबिंदगढ़ की एक महिला बलवीर कौर की मौत हो गई। महिला के लड़के संजू और अरुण कुमार ने बताया कि सुबह तक उनकी माता बिल्कुल ठीक थी। आक्सीजन लेवल भी ठीक था, लेकिन कुछ मिनटों बाद माता की मौत की सूचना मिली। इस मौके पर महिला के परिजनों और अन्य रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि डाक्टरों द्वारा कोविड मरीजों के इलाज में लापरवाही की जा रही है। ऊपर से मरीजों को जो खाना प्रशासन द्वारा दिया जा रहा है, वह बेहद घटिया क्वालिटी का है।
परिजनों ने इस मौके पर कोविड मरीजों के लिए खाना देने आई गाड़ी रोकी, जिसमें से खाने की प्लेटें निकालकर उन्होंने मीडिया वालों को दिखाया और कहा कि अगर यह खाना बढ़िया है तो फिर यह खाना डाक्टर और सरकार के नुमाइंदे भी एक दिन खाकर दिखाएं। उन्होंने इलाज में लापरवाही करने वाले डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर कोविड वार्ड में दाखिल मरीजों के तीमारदारों ने आरोप लगाया कि उनके मरीज पीने के पानी को भी तरस रहे हैं। खाने की कोई चीज दो, तो उन तक पहुंचाई नहीं जाती। ॉ
कोविड वार्ड में लगाए जाएं सीसीटीवी कैमरे : आप
इस सारे हंगामे के बीच आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कुंदन गोगिया ने मांग की है कि कोरोना के इलाज को लेकर लोगों का पंजाब सरकार से भरोसा उठता जा रहा है। इस भरोसे को बहाल करने के लिए कोरोना वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और बाहर बड़ी-बड़ी एलईडी लगाई जाएं, ताकि परिजन अपने रिश्तेदारों का इलाज लाइव देख सकें।