मालेरकोटला में महिलाओं की जनसभा में पहुंची बीबी जागीर कौर को सम्मानित करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
अकाली दल की महिला विंग अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री जागीर कौर ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अब चाहे तीसरा फ्रंट बने अथवा चौथा, इसका लाभ अकाली दल को मिलना तय है।
वीरवार को मालेरकोटला की अनाज मंडी में महिलाओं की जनसभा को संबोधित करने पहुंचीं जागीर कौर ने विस चुनाव में स्टैंड स्पष्ट नहीं कर पा रहे नवजोत सिंह सिद्धू पर भी कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि सिद्धू सियासी पार्टियों से मोलभाव करने में व्यस्त हैं।
जिला संगरूर के अल्पसंख्यक बाहुल्य मालेरकोटला के नवाब शेर मोहम्मद खान द्वारा दशमेश पिता के छोटे साहिबजादों की शहादत के खिलाफ आवाज उठाने पर जागीर कौर ने खुद को भाग्यशाली बताते हुए कहा कि उन्हें अर्से से इस एतिहासिक नगर में आने की चाहत थी।
संगरूर जिले से ही आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान पर भी जागीर कौर ने शब्दों के प्रहार किए और कहा कि जो नेता शराब पीकर गुरु ग्रंथ साहिब की उपस्थिति में चला जाता हो और जिसे अपने ही परिवार की सुध न हो, ऐसे नेताओं को जनता खुद ब खुद नकार देती है। इस दौरान महिलाओं की ओर से फरजाना आलम ने जागीर कौर का सम्मान भी किया।