शुतराणा हलके के गांव गोबिंदपुरा में गुरुद्वारे के ग्रंथी व कुछ अन्य लोगों की ओर से गुटका साहिब को नाली में फेंकने का मामला सामने आया है। थाना शुतराणा पुलिस ने ग्रंथी समेत छह लोगों के खिलाफ बेअदबी का मामला दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। थाना पातड़ां प्रभारी रणबीर सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब जैखर का ग्रंथी अमरीक सिंह गांव गोबिंदपुरा में रहता है। उसका बेटा चरनजीत सिंह कुछ समय से मानसिक तौर पर बीमार चल रहा है, जिसका इलाज एक तांत्रिक से करवाया जा रहा है।
गांव की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पुलिस को शिकायत दी है कि परिवार ने दो दिन पहले ही तांत्रिक से घर में हवन भी कराया था। इसके बाद ही ग्रंथी के घर के बाहर नाली में गुटका साहिब पड़ा मिला। आरोप लगाया जा रहा है कि ग्रंथी व उसके बेटे ने तांत्रिक के कहने पर ही गुटका साहिब को नाली में फेंका है, जबकि ग्रंथी ने इन आरोपों का खंडन किया है। फिलहाल पुलिस ने गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की शिकायत पर ग्रंथी, उसके बेटे, बेटे के साड़ू व साड़ू के भाई और तांत्रिक समेत छह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।