पटियाला में आयोजित प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा को सम्मानित करती गेस्ट फैकेल्टी लेक्चरर एसोसिएशन।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश सरकार की ओर से भविष्य में नौकरियों के लिए जो भर्ती की जाएगी वह रेगुलर तौर पर की जाएगी। यह जानकारी वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा ने रविवार को स्टेट कॉलेज ऑफ एजूकेशन में सरकारी कॉलेजों के गेस्ट फैकल्टी लेक्चररों की एसोसिएशन की ओर से राज्य सरकार का धन्यवाद करने के लिए आयोजित राज्यस्तरीय सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए दी।
ढींढसा ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने यह अहम फैसला लिया है कि भविष्य में सरकारी नौकरियों में भर्ती केवल पक्के तौर पर की जाएगी। अध्यापक किसी भी राष्ट्र की रचना में बड़ा योगदान डालते हैं और इसलिए सरकारों का भी फर्ज बनता है कि उनकी तकलीफों को दूर किया जाए।सरकार ने गेस्ट फैकल्टी लेक्चररों की तनख्वाहों में बढ़ोतरी करके अपना फर्ज पूरा कर दिया है। अब यह लेक्चरर भी अपनी ड्यूटी को पूरी ईमानदारी के साथ निभाकर अपना फर्ज अदा करें।
मौके पर कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने कहा कि अध्यापक स्टूडेंट्स व नौजवान वर्ग के भविष्य को संवारने में बड़ा योगदान देते हैं। सभी अध्यापकों को अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी व मेहनत से निभानी चाहिए। मौके पर वित्त मंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा को विशेष तौर पर सम्मानित किया गया।