पटियाला में बुधवार को पावरकाम हेडआफिस सामने रोड जाम करके धरना देते बिजली निगमों के पेंशनर।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के कोने-कोने से पावरकाम और ट्रांसको के पेंशनर बुधवार को शाही शहर में जुटे और अपनी मांगों को लेकर पावरकाम हेडआफिस के सामने रोड जाम करके जोरदार धरना दिया। इस मौके पर कैशलेस इलाज की सुविधा देने, डीए का बकाया देने समेत और कई जायज मांगें उठाई गईं जिनके पूरा न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
पेंशनर्स एसोसिएशन पंजाब स्टेट पावर और ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड के आह्वान पर दिए इस धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रधान अविनाश शर्मा, महासचिव धनवंत सिंह भट्ठल ने कहा कि बिजली रियायत संबंधी कारपोरेशन व सरकार स्तर पर काफी मीटिंगें हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ है। जबकि यूपी, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड व दिल्ली पावर कारपोरेशनों की ओर से अपने-अपने बिजली पेंशनर्स को यह रियायत दी जा रही है। आरोप लगाया कि सरकार की ओर से पेंशनरों के साथ लगातार पक्षपात किया जा रहा है। पंजाब का खजाना केवल पेंशनरों के लिए ही खाली रहता है। बाकी सारे काम बिना किसी बाधा के चलते रहते हैं।
इस मौके पर बिजली पेंशनरों को कैशलेस ट्रीटमेंट की सुविधा देने, डीए की 23 महीनों की किश्तों का बकाया एक किश्त में ही देने की मांग की गई। साथ ही एसोसिएशन के फील्ड यूनिटों के लिए योग्य जगह देने, छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के बारे में कोई कार्रवाई न करने पर भी रोष जताया गया। मांगें कोड आफ कंडक्ट लगने से पहले पूरा न करने पर इसका खामियाजा आने वाले विधानसभा चुनावों में भुगतने की चेतावनी दी गई।
धरने में राम प्रकाश, एसएस टीना, गुरनाम सिंह गिल, राधे श्याम, प्रकाश चंद्र, प्रेम सुख, संतोख सिंह बोपाराय, हरबंस सिंह रंधावा मौजूद रहे।