अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। गोल्डी ढिल्लों गैंग के गैंगस्टर को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पार्टी को देखते ही गैंगस्टर ने बचने के लिए उन पर तीन राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली गैंगस्टर की दाईं टांग में लगी जिससे वह घायल हो गया।
उसे तुरंत काबू करके इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके पर पहुंचे एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नशे व शराब की तस्करी, इरादा कत्ल व डकैती के विभिन्न थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं। अब आरोपी पटियाला में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान 27 साल के सन्नी कुमार उर्फ तारी के तौर पर हुई है। आरोपी को पटियाला के अर्बन एस्टेट इलाके में साधु बेला रोड से काबू किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी सन्नी कुमार इंटरनेट काॅलिंग के जरिये अपने गैंग के आकाओं के साथ संपर्क में था। उन्हीं के कहने पर आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था। एसएसपी ने बताया कि इस गिरोह ने राजपुरा में रंगदारी मांगने व फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दिया है। इस गिरोह के और भी कई साथियों को पुलिस ने पहले भी गिरफ्तार किया है। आरोपी सन्नी से चोरी का मोटरसाइकिल और 32 बोर की पिस्टल बरामद की गई है। आरोपी से पूछताछ में पता लगाया जाएगा कि वह पटियाला में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।