पटियाला। पटियाला में यह पहला मौका है, जब विधानसभा चुनाव में तीन मेयर मैदान में उतरे हैं। इनमें से दो पूर्व मेयर तो पटियाला शहरी हलके से कैप्टन अमरिंदर सिंह को ही टक्कर दे रहे हैं, जबकि मौजूदा मेयर पटियाला देहाती हलके से लड़ रहे हैं।
पटियाला शहरी हलके में कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ एक तरफ आम आदमी पार्टी से पूर्व अकाली मेयर अजीतपाल सिंह कोहली मैदान में हैं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस से पूर्व मेयर विष्णु शर्मा को टिकट मिला है। ऐसे में इस बार कैप्टन को चुनावी अखाड़े में इस बार दो पूर्व मेयर टक्कर देंगे। इनमें से विष्णु शर्मा किसी समय में कैप्टन के काफी नजदीकी माने जाते थे। यही वजह थी कि कैप्टन ने साल 2002 में अपनी सरकार में विष्णु शर्मा को पटियाला नगर निगम का पहला मेयर नियुक्त किया था।
बाद में कैप्टन व उनकी पत्नी सांसद परनीत कौर साथ मतभेदों के चलते विष्णु शर्मा ने 2012 में सुखबीर सिंह बादल की अगुवाई में अकाली दल का दामन थाम लिया था। विष्णु शर्मा इस बार पार्टी से पटियाला देहाती हलके से टिकट पाने के इच्छुक थे। जब अकाली दल ने पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा के करीबी माने जाने वाले जसपाल सिंह बिट्ठू चट्ठा को टिकट दिया तो नाराज होकर विष्णु शर्मा दोबारा कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्हें शामिल नवजोत सिंह सिद्धू ने कराया, उसके बाद से ही तय माना जा रहा था कि इस बार पटियाला से टिकट विष्णु शर्मा को ही मिलेगा।
पटियाला शहरी में अकाली दल के हरपाल जुनेजा मैदान में
दूसरी तरफ पूर्व अकाली मंत्री सुरजीत सिंह कोहली के बेटे पूर्व मेयर अजीतपाल सिंह कोहली भी हाल ही में पटियाला से टिकट न मिलने पर अकाली दल को अलविदा कहकर आप में शामिल हुए हैं। तुरंत बाद उन्हें टिकट देकर कैप्टन खिलाफ उतार दिया गया। पटियाला शहरी से अकाली दल की तरफ से हरपाल जुनेजा लड़ रहे हैं।
पटियाला नगर निगम के मौजूदा मेयर संजीव शर्मा बिट्टू, जो कैप्टन के काफी करीबी हैं। उन्हें कैप्टन ने अपनी पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी की तरफ से पटियाला देहाती हलके से कैबिनेट मंत्री ब्रहम मोहिंदरा के बेटे मोहित मोहिंदरा के खिलाफ उतार दिया है।
मोहित मोहिंदरा पहली बार लड़ रहे विधानसभा चुनाव
मोहित मोहिंदरा भी इस बार पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। यह उनके पिता का हलका है। मेयर की कुर्सी को लेकर हुए विवाद दौरान सभी ने देखा कि किस तरह से बिट्टू और ब्रह्म मोहिंदरा के बीच शब्दी वार हुए। पटियाला देहाती से अन्य प्रमुख प्रत्याशियों में आप के डॉ. बलवीर सिंह भी शामिल हैं।