सीबीआई चंडीगढ़ की टीम ने शनिवार सुबह पंजाबी बाग एरिया में एक कोठी में रेड कर 30 साल पुराने यूको बैंक फ्राड मामले में पूर्व मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 1993 से भगोड़ा था और विदेश में जाकर बस गया था।
थाना सिविल लाइन से एएसआई देवी राम ने बताया कि शनिवार को सुबह सेक्टर 30 से सीबीआई की एक पांच सदस्यीय टीम एसआई विकास कुमार की अगुवाई में पंजाबी बाग एरिया में कोठी नंबर 10-ए में पहुंची।
टीम ने कोठी मालिक निर्मल सिंह पुत्र नरिंदर सिंह को काबू किया, जो 1990 में जालंधर में हुए यूको बैंक फ्राड मामले में आरोपी था। आरोपी उस समय बैंक का मैनेजर था। फर्जी दस्तावेज तैयार करके बैंक के साथ फ्राड करने की धाराओं व प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के तहत दर्ज इस केस में आरोपी निर्मल सिंह 1993 में भगोड़ा था।
इसके बाद आरोपी विदेश जाकर बस गया। पुलिस के मुताबिक बैंक के साथ करीब 80 हजार का फ्राड हुआ था। पिछले कुछ समय से आरोपी पटियाला में रह रहा था। जिसके बारे में सूचना मिलते ही सीबीआई टीम ने पटियाला में शनिवार को छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पत्नी परमिंदर कौर बाठ एक वेब चैनल चलाती थी। उसने एक पत्रकार पर आरोप लगाया है कि उसने साजिश के तहत उन्हें गलत केस में फंसाया है। साथ ही आरोप लगाया कि पत्रकार ने उसका चैनल बंद कराके अपना चैनल खोला है और उसके लाखों रुपये भी हड़प लिए।