पटियाला में डीईओ दफ्तर के समक्ष प्रदर्शन करते टीचर।
- फोटो : अमर उजाला
प्रमोशन की प्रक्रिया बीच में रोके जाने से नाराज अध्यापकों ने जिला शिक्षा अधिकारी के दफ्तर में प्रदर्शन कर रोष जताया। उन्होंने मांग की कि आचार संहिता लागू होने से पहले प्रमोशन कर दी जाए। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन (मान), गवर्नमेंट टीचर यूनियन और एलीमेंटरी टीचर यूनियन के नुमाइंदे मांगों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी के साथ बैठक करने गए थे। अधिकारी के छुट्टी पर होने के कारण नुमाइंदों ने उप जिला शिक्षा अधिकारी एलीमेंटरी से बैठक की। बैठक में एलीमेंटरी अध्यापकों की हेड टीचरों के तौर पर तरक्की करने की मांग की। इस पर उप जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि उनके पास प्रमोशन करने का अधिकार नहीं है।
अध्यापकों ने आरोप लगाया कि जिला शिक्षा अधिकारी जानबूझ कर छुट्टी पर चले गए हैं ताकि प्रमोशन का काम बीच में लटकाया जा सके। उधर पंजाब में चुनाव आचार संहिता जल्द लगने वाली है। तसल्लीबख्श जवाब न मिलने पर टीचरों ने जिला शिक्षा अधिकारी के दफ्तर में जोरदार नारेबाजी की। रोष प्रदर्शन में जसविंदर सिंह, दीदार सिंह, टहलबीर सिंह, संदीप कुमार शामिल रहे।