पटियाला में बस स्टैंड के पास चौक में धरना-प्रदर्शन करते ठेका मुलाजिम।
- फोटो : अमर उजाला
ठेका मुलाजिम संघर्ष मोर्चा के बैनर तले विभिन्न विभागों के ठेका मुलाजिमों ने अपने परिवारों के साथ बस स्टैंड के पास पटियाला-राजपुरा रोड जाम करके जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।
इससे पहले ठेका मुलाजिमों ने जल सप्लाई विभाग के हेडआफिस से लेकर डीसी दफ्तर तक और फिर वहां से बस स्टैंड तक रोष जुलूस निकाला। रास्ते में पुलिस प्रशासन ने ठेका मुलाजिमों को रोकने की कोशिश भी की। जाम की वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिससे बस अड्डे पर बसों की आवाजाही प्रभावित रही।
इस मौके पर धरने को संबोधित करते हुए विभिन्न विभागों की जत्थेबंदियों के नुमाइंदों निर्मल सिंह, वरिंदर सिंह मोमी, जगरूप सिंह आदि ने कहा कि पंजाब सरकार संगत दर्शन कार्यक्रमों के बहाने गांवों में जाकर कच्चे मुलाजिमों को रेगुलर करने का झूठा प्रचार कर रही है।
इस बात को विकास बनाकर पेश कर रही है। जिस बिल के माध्यम से सरकार हजारों ठेक ा मुलाजिमों को रेगुलर करने और हजारों आउटसोर्सिंग मुलाजिमों को ठेके पर लेने का दावा करती है, वह सब छलावा साबित हुए हैं।
विभागों ने अभी तक इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। जल सप्लाई विभाग के ठेके पर काम कर रहे दफ्तरी स्टाफ को 31 दिसंबर से फारिग कर दिया है, जबकि यह कर्मचारी रेगुलर होने की सभी शर्तें पूरी करते हैं।
ठेका मुलाजिमों की पिछले चार महीनों से सरकार ने तनख्वाह भी बंद कर दी है। इस पर चेतावनी दी गई कि अगर सरकार ने पूरे तनख्वाह स्केलों पर ठेका मुलाजिमों को रेगुलर नहीं किया, तो आने वाले विधानसभा चुनावों में सरकार को इनके विरोध का सामना करना पडेगा।