पटियाला की विकास कालोनी में मंगलवार देर रात पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट नरिंदर कुमार सिंगला की पत्नी का उनके घर में ही गला घोंट कर कत्ल कर दिया गया। सूचना पाकर पुलिस टीम फोरेंसिक माहिरों के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ थाना लाहौरी गेट में हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
डीएसपी योगेश कुमार ने बताया कि मृतक महिला की पहचान कमलेश रानी (60) के रूप में हुई है। वह अपने बेटे हैरी सिंगला, बहू व पोते के साथ विकास कालोनी के मकान नंबर 30 में रहती थी। सुबह जब कमलेश रानी अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो बेटा उन्हें देखने कमरे में गया।
वहां बेड पर कमलेश रानी का शव पड़ा था, उनके मुंह पर टेप लिपटा था और हाथ बंधे हुए थे। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला का गला घोंट कर कत्ल किया गया है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो सकेगा। बताया जा रहा है कि महिला ने मौत से पहले संघर्ष किया था। उनकी आवाज सुनकर कोई आ न जाए, इसलिए उनके मुंह पर टेप लपेटा गया।
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने खिड़की का शीशा तोड़कर दरवाजे की कुंडी खोली, जिसके बाद वह घर में दाखिल हुआ और फिर वारदात को अंजाम दिया। घर में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं, लेकिन जांच में डीवीआर गायब मिली है।
पुलिस के मुताबिक कमलेश रानी के पति एडवोकेट नरिंदर कुमार सिंगला की पिछले साल ही मौत हुई थी। दोनों के तीन बेटे हैं। इनमें से एक बेटा एडवोकेट हैरी सिंगला पटियाला जिला कोर्ट में प्रैक्टिस करता है। जबकि दो बेटे शैरी व सन्नी सिंगला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। पुलिस फिलहाल मामले में एडवोकेट हैरी सिंगला से पूछताछ कर रही है।