पुलिस ने चार देसी पिस्तौलों और कारतूसों समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस प्रमुख गुरमीत सिंह चौहान ने बताया कि थाना शंभू के प्रभारी इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ नेशनल हाईवे-1 पर गांव डाहरिया के नजदीक चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अंबाला की ओर से आई एक प्राइवेट बस की चेकिंग के दौरान बस में सवार दो नौजवानों संदीप सिंह उर्फ राजा पुत्र सिंगारा सिंह और नेत्रपाल उर्फ खंडा पुत्र पानू राम वासी गांव ठाठ चंदन थाना नुक्कड़ जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) की जब शक के आधार पर तलाशी ली गई तो दोनों के पास से दो-दो पिस्तौल 315 बोर देसी बरामद हुए। जांच दौरान पाया गया कि दोनों में कारतूस भी भरे हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में थाना शंभू में केस दर्ज किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों ने पूछताछ दौरान बताया है कि वे यह पिस्तौल मुमताज निवासी टांडा बनेरा नजदीक रुड़की (उत्तराखंड) से छह-छह हजार रुपये के हिसाब से खरीद कर लाए थे। आगे यह चारों पिस्तौल अमरपीटर निवासी उधोवाल नजदीक महतपुर जालंधर को 10-10 हजार में देनी थी।
इससे पहले भी ये लोग रछपाल सिंह निवासी फगवाड़ा, रणजीत सोनू निवासी उधोवाल और लाली निवासी खलवारा को नाजायज हथियार सप्लाई कर चुके हैं। इसी साल छह फरवरी को इन्होंने एक पिस्तौल देसी छह कारतूस वाला अमरपीटर को ही सप्लाई किया था। ये लोग उत्तराखंड से सस्ते दामों पर हथियार लाकर महंगे भाव में पंजाब में आ कर बेचते रहे हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है।