थाना निहाल सिंह वाला पुलिस ने इंडो तिब्बत बार्डर पुलीस (आईटीबीपी) और पंजाब पुलिस में भर्ती करवाने का झांसा दे कर बेरोजगारों को ठगने के आरोपी को जुडीशियल मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया है।
थाना निहाल सिंह वाला के एडिशनल एसएचओ राजिंदर सिंह ने बताया कि गिरोह प्रमुख कुलदीप सिंह उर्फ राजू निवासी निहाल सिंह वाला को गिरफ्तार कर उसके पास से इंडो तिब्बत बार्डर पुलिस (आईटीबीपी) के फर्जी पहचान पत्र ओर अन्य सामग्री बरामद की थी।
एडिशनल एसएचओ ने बताया कि कुलदीप सिंह उर्फ राजू ने प्राथमिक पूछताछ में खुलासा किया कि बरनाला का एक वकील और पावरकॉम के भदौड़ दफ्तर का क्लर्क उसके दलाल हैं।
बरनाला के वकील जरिये तकरीबन 6 बेरोजगारों और पावरकॉम क्लर्क जरिये करीब 30 बेरोजगारों समेत अब तक 50 से अधिक बेरोजगारों से तकरीबन 60 लाख रुपये ठग चुका है।
उन्होंने बताया कि इस गिरोह ने ठगी का शिकार बेरोजगार लड़के लड़कियों को इंडो तिब्बत बार्डर पुलिस (आईटीबीपी) के फर्जी पहचान पत्र जारी करने के अलावा उन्हें वर्दियां भी दीं थीं। उन्होंने बताया कि यह गिरोह बेरोजगारों से डेढ़ से 2 लाख रुपये पुलिस में भर्ती करवाने के नाम पर ठगता था।