चार-पांच साल से मानसिक तौर पर परेशान चल रहे 75 वर्षीय लोहा व्यापारी ने भाखड़ा मेन लाइन में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान दर्शन कुमार पुत्र बलि राम निवासी शास्त्री नगर मंडी गोबिंदगढ़ के तौर पर हुई है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि दर्शन कुमार पिछले चार साल से मानसिक तौर पर परेशान रहते थे और मंडी गोबिंदगढ़ के एक सरकारी डॉक्टर से उनका इलाज चल रहा था। दर्शन कुमार रविवार शाम को साढे़ चार बजे घर से निकले लेकिन घर नहीं लौटे।
सोमवार दोपहर को उनका शव भाखड़ा मेन लाइन खनौरी क्षेत्र से बरामद हुआ। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने 174 की कार्रवाई कर शव वारिसों को सौंप दिया। दर्शन कुमार के नाम पर डीके ट्रेडर्स फर्म चल रही है जिनका कार्यभार उनके बेटे गोपाल कृष्ण चला रहे हैं।
दर्शन कुमार रिश्ते में नगर काउंसिल अध्यक्ष पूनम जिंदल के चाचा ससुर लगते हैं। लोहा व्यापारी दर्शन कुमार अपने दोस्तों के साथ बहुत घुलमिल कर रहते थे।
रविवार शाम को नहर में छलांग लगाने से पहले वे अपने साथ ताश खेलने वाले सभी दोस्तों से मिले। सभी से पूछा कि तुम्हारे पिता जी की मौत कब हुई थी। फिर वहां से चले गए।