इंफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर जगदीश सिंह भोला केंद्रीय गृह मंत्रालय को लीगल नोटिस भेजने जा रहा है। भोला का आरोप है कि जांच के नाम पर ईडी की ओर से उसके रिश्तेदारों, पारिवारिक मेंबरों को बार-बार बुलाकर तंग-परेशान किया जा रहा है।
भोला के वकील लीगल नोटिस में केंद्रीय गृह मंत्रालय से ईडी खिलाफ जांच की मांग करेंगे। भोला के खिलाफ मनी लांड्रिंग केस में ईडी एक साल चार महीने पहले ही पटियाला कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। भोला के वकील एडवोकेट सतीश करकरा ने कहा कि चार्जशीट पेश हो जाने के बाद जांच नहीं हुआ करती है।
बावजूद इसके ईडी की ओर से भोला के रिश्तेदारों और उसके पारिवारिक मेंबरों को बार-बार बुलाकर परेशान किया जा रहा है, जो सरासर गैरकानूनी है। एडवोकेट करकरा ने कहा कि ईडी की जांच शक के घेरे में हैं। अब ईडी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
जल्द ही वह भोला की तरफ से केंद्रीय गृह मंत्रालय को ईडी के खिलाफ लीगल नोटिस भेजने जा रहे हैं। इसमें ईडी की ओर से किए जा रही इन गैरकानूनी गतिविधियों का जवाब मांगा जाएगा और पूछा जाएगा कि असल में ईडी चाहती क्या है। ईडी के खिलाफ मंत्रालय से जांच कराने की मांग की जाएगी।
वकील करकरा ने कहा कि भोला के खिलाफ ईडी सोची समझी साजिश कर रही है। जांच में इसका पता लगाने की भी मांग की जाएगी।