समालसर में बीती 17 मई को नवविवाहिता अमनदीप कौर की हत्या के मामले में पुलिस की ओर से नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न करने के रोष में एक्शन कमेटी और पीड़ित परिवार ने जिला सचिवालय आगे रोष धरना दिया। वहीं जिला पुलिस प्रमुख ने थाना समालसर के एसएचओ दर्शन सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।
उनकी जगह पर नए थाना प्रमुख इंस्पेक्टर गुरप्यार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। पीएसयू सुबाई नेता करमजीत कोटकपूरा और सुखजीत बुक्कनवाला ने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले के आरोपियों को सताधारी पार्टी के दबाव में काबू नहीं कर रही।
उन्हाेंने कहा कि पुलिस की नीयत पर उसी दिन शक हो गया था जब इस घटना के दौरान हत्या के मुख्य आरोपी और मृतका अमनदीप कौर के पति गुरविंदर सिंह को हिरासत में लेने बाद छोड़ दिया था। भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी के सुबाई प्रधान छिंदर सिंह नत्थूवाला और बीकेयू एकता उगाहूं नेता बलौर सिंह घल्लकलां ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में नामजद आरोपियों को राजनीतिक दबाव मेें केस में से निकाला तो संघर्ष तेज किया जाएगा।
इस दौरान सरपंच साहिब सिंह, दीपक समालसर, नौजवान भारत सभा नेता मंगा सिंह वैरोके पंजाब खेत मजदूर यूनियन नेता मेजर सिंह कालेके, ग्रामीण मजदूर यूनियन नेता बलदेव सिंह सिंघांवाला, नत्था सिंह, जगदीप सिंह जैमलवाला, कमलप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह और कीरती किसान यूनियन छिंदर सिंह झंडेवाला मौजूद थे।
गौरतलब है कि बीती 17 मई को अमनदीप कौर निवासी समालसर की विवाह से तकरीबन तीन माह बाद उसके पति गुरविंदर सिंह निवासी बधनी कलां ने हत्या कर दी थी।