शादी से इनकार करने पर एक व्यक्ति (दर्जी) ने गला घोंटकर युवती (ब्यूटी पार्लर का कामकाज करने वाली) की हत्या कर लाश अपनी दुकान में गहरा गड्ढा खोदकर दबा दी। युवती 31 मई से लापता थी।
पुलिस ने शुक्रवार को गड्ढा खोदकर युवती का शव निकाला। उधर, पुलिस ने दर्जी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
डीएसपी अजमेर सिंह बाठ ने बताया कि मंडी घुबाया में ब्यूटी पार्लर की दुकान करने वाली युवती चरणजीत कौर पुत्री बुध सिंह वासी ढाणी सुंदरपुरा 31 मई से लापता थी। घर से दुकान आने के बाद शाम को घर नहीं लौटी थी। बुध सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की दुकान के पास ही सोना सिंह पुत्र लाल सिंह वासी चक्क मुहंमदेवाला की दर्जी की दुकान है और शादीशुदा है।
सोना उसकी बेटी पर बुरी नजर रखता था। पुलिस ने सोना को गिरफ्तार कर उससे गहन पूछताछ शुरू की। सोना ने बताया कि घटना वाले दिन उसने चरणजीत कौर को टेलीफोन कर अपनी दुकान पर बुलाया था।
उसे शादी करने के लिए दबाव डाला, लेकिन वह नहीं मानी तो उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके बाद दुकान में गहरा गड्ढा खोद कर लाश दबा दी।
पुलिस ने सोना की निशानदेही पर दुकान के अंदर खुदाई कर चरणजीत कौर की लाश बरामद की। पुलिस ने सोना को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है।