पटियाला में डीआईजी आफिस में परिवार साथ आग लगाने की कोशिश करने वाला युवक पुलिस गिरफ्त में।
- फोटो : अमर उजाला
बारादरी स्थित डीआईजी पटियाला रेंज के दफ्तर में रणजीत सिंह नाम के गांव घड़ाम के रहने वाले एक युवक ने खुद पर तेल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और थाना लाहौरी गेट पुलिस के हवाले कर दिया। युवक अपनी पत्नी व बच्चों के साथ डीआईजी आफिस पहुंचा हुआ था।
युवक का अपनी बहन के साथ जायदाद को लेकर झगड़ा चल रहा है और इसकी जांच डीआईजी आफिस की ओर से की जा रही है। युवक ने आरोप लगाया कि डीआईजी का रीडर संजीव कुमार उस पर दबाव डाल रहा है और जब वह दबाव के नीचे नहीं आया, तो रीडर ने उसके साथ धक्कामुक्की की। उधर रीडर संजीव कुमार ने आरोपों को बेबुनियाद बताया।
उधर डीआईजी आशीष चौधरी ने कहा है कि युवक ने बुधवार को अदालत में पेशी के दौरान अपनी बहन को थप्पड़ मारे। जिस करके उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जानी है। इससे बचने के लिए युवक ने यह सब ड्रामा किया है। पुलिस कानून के मुताबिक काम कर रही है और किसी भी तरह के दबाव या पक्षपात के आरोप झूठे हैं। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ बनती कार्रवाई कर दी थी।