एक पूर्व सरपंच के बेटे ने सात लाख रुपये के लालच में लूट का ड्रामा रचा और दो जिलों की पुलिस में हड़कंप मचा दिया।
इतना
ही नहीं, इस शख्स ने अपनी आंखों में लाल मिर्च डालने का फिल्मी ढंग से
नाटक भी रचाया। इससे पुलिस घंटों तक शहर के सीसीटीवी कैमरे खंगालती रही,
लेकिन घटना के चार घंटों के भीतर ही पुलिस ने इससे पर्दा उठा दिया और रणजोध
सिंह नामक इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया।
वीरवार दोपहर करीब साढे़
बारह बजे गांव राणवां में अस्सी बीघा जमीन के मालिक किसान रणजोध सिंह ने
पुलिस को सूचित किया कि वह मालेरकोटला के स्टेट बैंक आफ पटियाला से सात लाख
रुपये निकलवाकर घर लौट रहा था। सरकारी रेस्ट हाउस के निकट दो अज्ञात
लुटेरे उसकी आंखों में लाल मिर्च डालकर सात लाख लूटकर फरार हो गए।
पुलिस
ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए और शहर के अन्य कैमरों की भी जांच
की। लुधियाना और संगरूर जिले की पुलिस हरकत में आई और नाकाबंदी करके
लुटेरों की तलाश की जाने लगी। पुलिस को शक उस समय हुआ जब रणजोध सिंह का
सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया तो डाक्टरों ने पुलिस को बताया कि
उसकी आंखों में लाल मिर्च डाली नहीं गई, बस मामूली सी लगाई गई है।
बस
फिर क्या था पुलिस ने रणजोध सिंह को दबोच लिया और पूछताछ में खुलासा हुआ
कि चार दिन पहले वह अपने एक रिश्तेदार से सात लाख रुपये उधार लेकर आया था।
उसे हड़पने के चक्कर ने उसने यह ड्रामा रच दिया और रुपये से भरे बैग को
गांव की मोटर पर छुपा दिए, जिसे पुलिस ने देर शाम बरामद कर लिया। देर शाम
एसपी सिटी जसविंदर सिंह और डीएसपी विलियम जेजी ने इस घटना की जानकारी प्रेस
को दी।