बनूड़ में प्रापर्टी डीलर सुसाइड केस में पुलिस ने 19 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि इन लोगों के साथ प्रापर्टी डीलर का पैसों के लेन-देन को लेकर झगड़ा चल रहा था। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मामले के जांच अधिकारी थाना बनूड़ के एएसआई मोहन सिंह ने बताया कि बनूड़ में जैन मोहल्ला वार्ड नंबर छह के रहने वाले प्रापर्टी का काम करने वाले हीरा लाल जैन (41) ने 24 जून 2016 को जहरीली चीज खाकर अपनी जान दे दी थी। इस मामले में तब पुलिस ने 174 की कार्रवाई की थी। लेकिन अब प्रापर्टी डीलर की पत्नी रंजू जैन ने मरने से पहले अपने पति की ओर से लिखा हुआ सुसाइड नोट पुलिस के हवाले किया है। इसमें प्रापर्टी डीलर ने अपनी मौत के लिए बनूड़ व आसपास के इलाकों में रहने वाले 19 लोगों को जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस के मुताबिक प्रापर्टी डीलर का सभी के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर झगड़ा चल रहा था। जिसके कारण वह मानसिक तनाव में रहता था और उसने जहरीली चीज खाकर अपनी जान दी थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सभी 19 लोगों जिनमें परमजीत पासी, उसकी पत्नी सुनीता पासी निवासी बनूड़, सतपाल, अमर सिंह, मलकीत सिंह, बीर दविंदर सिंह, धरमिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, भुपिंदर सिंह, किरपाल सिंह, निर्मल सिंह, सुखविंदर सिंह, रणवीर सिंह, कुलवंत सिंह, साधु सिंह, मलकीत सिंह, हरविंदर सिंह, कमलजीत सिंह, परमजीत सिंह, जसविंदर सिंह निवासी सिंघपुरा के खिलाफ धारा 306 आईपीसी यानी आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है।