पंजाब में एक और देश का गद्दार पकड़ा गया है। पुलिस ने पटियाला से पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। जांच के दौरान आरोपी से चार मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिनकी मदद से वह दुश्मनों तक देश से जुड़ी खुफिया जानकारी पहुंचा रहा था। आरोपी गुरप्रीत ने पाकिस्तान के साथ कई खुफिया सूचनाएं साझा की हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान कई और भी खुलासे हो सकते हैं।
आरोपी गुरप्रीत सिंह पटियाल के नाभा के गांव फरीदपुर का रहने वाला है। भारतीय सेना की गतिविधियों की जानकारी पाकिस्तान में भारत के खिलाफ काम कर रहे व्यक्तियों को देता था। आरोपी पंजाबी कुड़ी नाम की फेसबुक आईडी पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से तालमेल करता था।
आरोपी ने पंजाबी कुड़ी नाम की फेसबुक पर बनाई थी प्रोफाइल
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना भादसों में धारा 152 बीएनएस 2023, धारा 3,4,5 ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट 1923 के तहत केस दर्ज करके उसके पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी गुरप्रीत सिंह की पंजाबी कुड़ी नाम की फेसबुक प्रोफाइल पर लाइव इन कराची, पाकिस्तान लिखा हुआ है। इसी फेसबुक आईडी के जरिये वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के साथ तालमेल करता था।
पाकिस्तानी लड़की को दिया एक्टिवेशन कोड
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने दिसंबर 2024 में अपने नाम पर एक सिम जारी करवाया था। अपने उक्त नंबर का व्हाट्सएप एक्टिवेशन कोड पाकिस्तान में रहने वाली लड़की को दिया था, जो अब इस नंबर पर व्हाट्सएप चला रही है। अब भी आरोपी गुरप्रीत सिंह अलग-अलग ऐप के जरिये पाकिस्तानी एजेंसियों के साथ संपर्क करता था। वह केंद्रीय एजेंसियों के रडार पर भी था। आरोपी पाकिस्तान में बैठे लोगों को सिम कार्ड टेलीकॉम डिवाइस, गुप्त और संवेदनशील सैन्य जानकारी भेजता था।
आरोपी को रिमांड पर लेगी पुलिस
एसएसपी ने भारत की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले आरोपियों को सख्त चेतावनी दी है कि पटियाला जिले में कानून व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा हर कीमत पर सुरक्षित रखी जाएगी। इस आरोपी को थाना भादसों की पुलिस टीम ने बहुत ही कड़ी मेहनत व तत्परता से कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। जिसका अदालत से पुलिस रिमांड हासिल करके गहनता से पूछताछ की जाएगी। थाना भादसों के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह हांडा की टीम ने बड़ी लगन व मेहनत के साथ कार्रवाई करते हुए इस पाकिस्तानी जासूस को पकड़ा है।
यह भी पढ़ें:
PRTC बस चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार: आरोपी से डुप्लीकेट चाबियां और औजार मिले, चोर ने बताया क्या था प्लान