मुथूट फिनकार्प कंपनी से करोड़ों की लूट के सभी छह आरोपियों को बुधवार को अदालत ने न्यायिक हिरासत पर जेल भेज दिया। आरोपियों को दो दिनों की पुलिस रिमांड खत्म होने पर पेश किया गया था।
रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपियों से एक एयर पिस्टल, एक छुरा और पर्स बरामद किया है। त्रिपड़ी मार्केट में शनिवार शाम सोने के बदले लोन देने वाली मुथूट फिनकार्प कंपनी से लुटेरों ने करीब साढ़े तीन करोड़ की कीमत का सवा 11 किलो सोना और करीब ढाई लाख लूट लिए थे।
इस लूट को पुलिस ने वारदात के कुछ घंटों बाद ही ट्रेस करते हुए सभी छह आरोपियों गौरव सिंगला, सुखविंदर सिंह सुखी, गुरप्रीत सिंह उर्फ डिंपल, रोबिन रावल और कंपनी की वर्करों नवनीत कौर व वीनस शर्मा को गिरफ्तार करके लूटे सारे सोने व कैश की रिकवरी कर ली थी।
अदालत ने आरोपियों को दो दिनों के पुलिस रिमांड पर भेजा था। बुधवार को रिमांड खत्म होने पर पुलिस ने चार दिनों का ओर रिमांड अदालत से मांगा था।
अदालत ने इसे नामंजूर करते हुए सभी आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत पर जेल भेज दिया। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपियों से एक एयर पिस्टल, एक छुरे और एक पर्स की बरामदगी की है।
पुलिस की ओर से आरोपियों की और रिमांड की मांग की गई थी ताकि लुटेरों की ओर से की अन्य वारदातों के बारे में पता लगाया जा सके। लेकिन कोर्ट ने पुलिस की मांग नहीं मानी।