भादसों थाने के अधीन पड़ते गांव रायमल माजरी में जमीन विवाद को लेकर हुए लड़ाई-झगड़े में बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग की धक्का लगने से मौत हो गई। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ लापरवाही से किसी की मौत होने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मामले के जांच अधिकारी भादसों थाने के एएसआई नाजर सिंह ने बताया कि आरोपियों गुरदीप सिंह, हिम्मत सिंह, दलजीत सिंह, रणजीत सिंह, शिंदर कौर, बेअंत कौर सभी निवासी गांव रायमल माजरी पर आरोप है कि उन्होंने गांव की शामलाट जमीन पर कब्जा किया हुआ है। इस संबंधी अदालत में केस चल रहा है, जिसमें गांव के पूर्व सरपंच रणधीर सिंह ने गवाही देनी थी। रणधीर की पत्नी गांव की मौजूदा सरपंच हैं। रणधीर सिंह गांव के ही मेवा सिंह (55) का हाल चाल पूछने उसके घर गया हुआ था। मेवा सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमार था। इसी बीच सभी आरोपी वहां पहुंच गए और रणधीर सिंह से झगड़ा करने लगे। मेवा सिंह ने बीच-बचाव करना चाहा। इस दौरान आरोपियों ने मेवा सिंह को धक्का मार दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मेवा सिंह के शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं है। मौत की वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो सकेगा।